Bihar News : चालू शैक्षणिक सत्र से तीन विषयों में पढ़ाई की मंजूरी , खेल शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान का आगाज

पटना, न्यूज : बिहार खेल विश्वविद्यालय को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ( यूजीसी ) से मान्यता मिल गई है। यह बिहार के खेल और शिक्षा क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इससे बिहार को खेल शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाएगी।
यूजीसी की मान्यता मिलने से बिहार खेल विश्वविद्यालय को शारीरिक शिक्षा और खेल विज्ञान में स्नातक और डिप्लोमा, स्नातकोत्तर डिप्लोमा (पीजीडी) जैसे शैक्षिक पाठ्यक्रमों को शुरू करने का अधिकार प्राप्त हो गया है। विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 से तीन प्रमुख पाठ्यक्रम प्रस्तावित किए हैं। जिसमें स्पोर्ट्स कोचिंग में डिप्लोमा और पीजीडी ( यह पाठ्यक्रम दो या तीन प्रमुख खेलों में विशेषज्ञता प्रदान करेगा), योग में डिप्लोमा और पीजीडी (यह पाठ्यक्रम योग को बढ़ावा देने और पेशेवर शिक्षा प्रदान करने के लिए है) और चार वर्षीय शारीरिक शिक्षा में बैचलर डिग्री बीपीएड कोर्स शामिल है। विश्वविद्यालय ने इसके अलावा खेल विज्ञान, खेल शिक्षा, खेल मेडिसिन, खेल प्रौद्योगिकी, खेल प्रबंधन जैसे विषयों में पाठ्यक्रमों की शुरुआत की योजना बनाई है। बिहार खेल विश्वविद्यालय के कुलपति शिशिर सिन्हा ने मीडिया से कहा कि हमारा उद्देश्य शारीरिक शिक्षा और खेल विज्ञान के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रशिक्षण प्रदान करना है।