Saif Ali Khan Attack Case : मुंबई पुलिस ने अहले सुबह ठाणे से दबोचा, अपना नाम बदल कर रह रहा था हमलावर, पूछताछ शुरू

Saif Ali Khan Attack Case : मुंबई पुलिस को रविवार की अहले सुबह बड़ी कामयाबी मिली। सैफ अली खान पर हमला करने वाले शख्स को ठाणे से गिरफ्तार कर लिया गया। हमलावर की पहचान मोहम्मद अलीयान उर्फ बी.जे. के रूप में हुई है। इसने सैफ के घर में घुसकर अपराध करने की बात कबूल की है। हमलावर ने अपना नाम 'विजय दास' रखा हुआ था और वह मुंबई के एक पब में काम कर रहा था। पुलिस ने उसे ठाणे के हीरानंदानी इस्टेट पर चल रहे मेट्रो कंस्ट्रक्शन साइट के करीब लेबर कैंप से गिरफ्तार किया गया। विले पार्ले पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने गिरफ्तारी की। पुलिस ने मोहम्मद आलियान को बांद्रा लाकर मामले पर पूछताछ शुरू कर दी है। उसे सुबह में कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा।
सीसीटीवी में दिखा हमलावर
हमलावर की गिरफ्तारी से पहले पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से मिली तस्वीरों के पोस्टर मुंबई और आसपास के इलाकों में लगवा दिए थे। सीसीटीवी फुटेज में हमलावर को सीढ़ियों से उतरते देखा गया था। कई सीसीटीवी फुटेज और दादर रेलवे स्टेशन की एक क्लिप देखने के बाद मुंबई पुलिस ने एक्टर पर हमला करने वाले शख्स को गिरफ्तार करने के लिए एक टीम बनाई थी।
घर में घुसकर सैफ पर किया था हमला
सैफ अली खान के बांद्रा स्थित घर में घुसकर गुरुवार को एक शख्स ने उन पर हमला कर दिया था। उन्हें कई गंभीर चोटें आईं और बाद में उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। सर्जरी के बाद उनकी रीढ़ के पास फंसे एक चाकू के टुकड़े को डॉक्टरों ने निकाला जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुईं।