Bihar News: महिला थाना बना शादी का मंडप, महिला पुलिस ने प्रेमी जोड़े की कराई शादी, पुलिस वाले बने बाराती

सीतामढ़ी न्यूज : जिले के महिला थाना परिसर में एक प्रेमी जोड़े की धूमधाम से शादी कराई गई है। इस शादी का साक्षी थानाध्यक्ष समेत पुलिसकर्मी सहित दोनों पक्ष के परिजन बने। महिला थाना परिसर स्थित शिव मंदिर को साक्षी मानकर सोनबरसा प्रखंड क्षेत्र में प्रेमी युगल की शादी सम्पन्न हुई। इस दौरान थाने के पुलिसकर्मी खुद बाराती बने हुए नजर आए।
थाने में हुई प्रेमी जोड़े की शादी
इस दौरान विधि विधान की रस्म की सभी सामग्रियों को महिला थानाध्यक्ष श्वेता स्वराज द्वारा अपने निजी कोष से मंगाया गया। वहीं शादी के आशीर्वाद के रूप में थानाध्यक्ष द्वारा प्रेमी युगल को अंगवस्त समेत साजसज्जा की सामग्री भेंट की गई। थाना परिसर में शादी होता देख आसपास के लोग इसे देखने पहुंचे। इस प्रेमी युगल की कहानी कुछ अलग है।
सोनबरसा प्रखंड क्षेत्र के सुपैना लोहखर गांव के निवासी संजीवन ठाकुर और बसतपुर गांव की खुशबू कुमारी के बीच लगभग तीन वर्षों से प्रेम संबंध चल रहे थे। इस दौरान खुशबू गर्भवती हो गई थी, लेकिन दोनों परिवारों की ओर से इस संबंध को लेकर कोई सहमति नहीं बन पाई। लड़की और लड़के के परिवार वाले शादी के लिए तैयार नहीं थे। इस स्थिति में संजीवन और खुशबू ने महिला थाना में आकर न्याय की गुहार लगाई और सुरक्षा की मांग की। जहां दोनों के परिजनों को बुलवा आपसी सहमति से शादी कराई गई।