आज की ताजा खबर

    Bihar Diwas 2025: बिहार दिवस पर राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने दी बधाई, सीएम नीतीश-तेजस्वी बोले-आइये हम सब मिलकर बिहार के गौरव को आगे बढ़ाएं

    BNP डेस्क 2025-03-22 08:02:58 राज्य

      पटना न्यूज : आज बिहार की स्थापना के 113 साल पूरे हो गए। आज ही के दिन बिहार की स्थापना की गई थी, जिस वजह से आज 22 मार्च को बिहार दिवस मनाया जा रहा है। बिहार आज अपना 113वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत कई बड़े नेताओं ने बिहार के लोगों को बधाई दी है। इसके अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, बिहार के सीएम नीतीश कुमार, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा समेत कई नामचीन हस्तियों ने शुभकामनाएं दी। बिहार दिवस को लेकर पूरे राज्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। राजधानी पटना के गांधी मैदान में भी आज से बिहार दिवस कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जिसके लिए भव्य रूप से तैयारियां की गई है। बिहार दिवस समारोह 22 से 26 मार्च तक गांधी मैदान में मनाया जाएगा।

      बिहार दिवस पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दी बधाई

      बिहार दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बधाई दी। उन्होंने कहा कि बिहार दिवस पर राज्य के सभी निवासियों को मैं हार्दिक बधाई देती हूं। बिहार की धरती प्राचीन काल से ही ज्ञान और विकास का केंद्र रही है। मेरा विश्वास है कि बिहार के निवासी अपनी प्रतिभा, दृढ़ संकल्प तथा परिश्रम के बल पर विकसित बिहार और विकसित भारत के निर्माण में अपना भरपूर योगदान देते रहेंगे।

      पीएम मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए बिहार के लोगों को शुभकामनाएं दीं और राज्य के विकास में उनकी भूमिका की सराहना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार दिवस की बधाई देते हुए लिखा कि वीरों और महान विभूतियों की पावन धरती बिहार के अपने सभी भाई-बहनों को बिहार दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। भारतीय इतिहास को गौरवान्वित करने वाला हमारा यह प्रदेश आज अपनी विकास यात्रा के जिस महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है, उसमें यहां के परिश्रमी और प्रतिभाशाली बिहारवासियों की अहम भागीदारी है। हमारी संस्कृति और परंपरा के केंद्र-बिंदु रहे अपने इस राज्य के चौतरफा विकास के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे।'

      नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव ने दी शुभकामना

      बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लिखा कि बिहार दिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। बिहार का इतिहास गौरवशाली है और हम वर्तमान में अपने निश्चय से बिहार का गौरवशाली भविष्य तैयार कर रहे हैं। विकसित बिहार के सपने को साकार करने में भागीदारी के लिए मैं आप सभी का आह्वान करता हूं। हम सब मिलकर बिहार के गौरव को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएंगे। वहीं तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार दिवस के अवसर पर आप सबों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। बिहार दिवस के अवसर पर आप सबों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने लिखा कि बिहार भारत के अस्तित्व का हिस्सा है, हमारी पहचान और हमारी जान है। बिहार विभिन्न धर्मों की उद्गमस्थली, महापुरुषों की जन्मस्थली, लोकतंत्र की जननी, वीरों की कर्मभूमि, गौरवशाली इतिहास, समृद्ध विरासत, ज्ञान, सद्भावना कर्म, संस्कृति और समता की पावन धरा है।

      तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि आज का दिन हमारे पुरखों के बलिदान, पराक्रम एवं योगदान को नमन करने के साथ-साथ उन्हें श्रद्धांजलि देने का सुअवसर प्रदान करता है। साथ ही यह हमें आत्म अवलोकन करने तथा नई रूप रेखा तैयार कर नए संकल्प, नयी ऊर्जा और स्फूर्ति से आगे बढ़ने की भी प्रेरणा देता है। आइये हम सब मिलकर आपसी विश्वास, प्रेम, भाईचारे, सामाजिक एवं धार्मिक सद्भाव के साथ बिहार की उन्नति, प्रगति, विकास और समृद्धि में निरंतर योगदान करते हुए बिहार के गौरव को आगे बढ़ाएं। सभी बिहार के गौरवशाली इतिहास, प्रगतिशील वर्तमान के साथ-साथ बिहार के सुनहरे भविष्य के लिए मिलकर कार्य करें। हम सब युवाओं ने मिलकर युवाओं की सबसे अधिक आबादी वाले बिहार का नवनिर्माण कर देश का सबसे विकसित प्रदेश बनाना है।

      गायक अभिजीत भट्टाचार्य, सलमान अली समेत 3 सिंगर बिखेरेंगे जलवा

      22 मार्च की शाम सात बजे से साढ़े नौ बजे तक पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपने गीतों से लोगों को मंत्रमुग्ध करेंगे। 23 मार्च को शाम छह बजे से साढ़े सात बजे तक गायिका रितिका राज अपने दमदार प्रस्तुतियों से दिवस को यादगार बनाएंगी। वहीं, साढ़े सात बजे से साढ़े नौ बजे तक पार्श्व गायिका प्रतिभा सिंह बघेल के सुरों की सरिता बहेगी। इस क्रम में 24 मार्च को पार्श्व गायक सलमान अली अपने गीतों से सभी को मंत्रमुग्ध करेंगे। शाम रवींद्र भवन ध्रुपद गायन से गुलजार होगा। वही श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में 22 मार्च की शाम 6:00 बजे से कार्यक्रम की शुरुआत होगी जिसमें लोग गायक कमलेश कुमार सिंह, भरतनाट्यम की मशहूर नृत्यांगना और बिहार सरकार की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी इन विजयलक्ष्मी और सूफी गायिका ममता जोशी अपनी प्रस्तुति देंगे. वही रविंद्र भवन के कार्यक्रम की बात करें तो 22 मार्च को ध्रुपद गायन और भिखारी ठाकुर रंग मंडल की नाटक प्रस्तुति होगी. 23 मार्च को मुशायरा और कवि सम्मेलन होगा जबकि 24 मार्च को हास्य कवि सम्मेलन होगा जिसमें पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा भी शामिल होंगे.

      बिहार की स्थापना के 113 साल पूरे 

      आज ही के दिन बिहार की स्थापना की गई थी, जिस वजह से आज 22 मार्च को बिहार दिवस मनाया जा रहा है। 22 मार्च 1912 को ही बंगाल प्रांत से अलग बिहार की स्थापना की गई थी। आज बिहार की स्थापना के 113 साल पूरे हो गए। बिहारवासियों के लिए आज बेहद खास दिन, 22 मार्च को हर साल बिहार दिवस मनाया जाता है, क्योंकि आज ही के दिन बिहार को एक स्वतंत्र राज्य का दर्जा मिला था। बिहार 22 मार्च, 1912 को बंगाल से अलग होकर एक अलग प्रांत बना था। इसलिए इस दिन को राज्य के स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाता है। आज इस खास मौके पर राज्य के अलग-अलग शहरों में विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। राजधानी पटना के गांधी मैदान में भी आज से बिहार दिवस कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जिसके लिए भव्य रूप से तैयारियां की गई है। बिहार दिवस समारोह 22 से 26 मार्च तक गांधी मैदान में मनाया जाएगा।

    ऐसी ही खबर

    Blog Archive