Banka news : मंत्री और सांसद ने नीतीश सरकार की तारीफ में कसीदे पढ़े, लोगों की मांगों को जल्द पूरा कराने का दिया भरोसा

बांका न्यूज : कटोरिया प्रखंड के वाहुल्य आदिवासी गांव हथगढ़ में रविवार को आदिवासी, वनवासी एवं मूलवासी सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, बांका सांसद गिरधारी यादव, एमएलसी विजय कुमार सिंह, विधायक डॉ निक्की हेंब्रम एवं जेडीयू नेता ओंकार यादव द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में 2005 से बिहार में न्याय के साथ विकास हुआ है। सीएम का उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक समान रूप से विकास पहुंचाना है। इसको लेकर राज्य में जाति जनगणना कराई गई। आज भी राज्य में 500 से अधिक योजनाएं संचालित है। वहीं कार्यक्रम में उठाई गई सरकारी जमीन पर फलदार वृक्ष लगाने एवं सर्वे के काम में आ रही परेशानी दूर करने की मांग को पूरा करवाने आश्वासन दिया।
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में चहुंमुखी विकास हो रहा है। पिछड़े समुदाय को शिक्षित करने के लिए सरकार विशेष ध्यान दे रही है। कहा कि नीतीश कुमार का मानना है कि जब तक ज्ञान नहीं बढ़ेगा तब तक बिहार विकसित प्रदेश की श्रेणी में शामिल नहीं हो सकेगा। इसके लिए नीतीश कुमार ने अपने पहले कार्यकाल में ही 15 हजार प्राथमिक विद्यालय की स्थापना कराई। पहले बिहार में 35 लाख से ज्यादा शिक्षा से वंचित थे। आज मात्र 1 प्रतिशत की आबादी शिक्षा से वंचित है और ये वो लोग हैं जिनके माता पिता ही बच्चे को पढ़ाना नहीं चाहते। सरकार द्वारा जितने में हाई स्कूल थे उन्हें पल्स 2 विद्यालय बना दिया गया। 1000 मध्य विद्यालय को उच्च विद्यालय बना दिया गया। 2010 से लकड़ियों के साथ साथ लड़कों को भी साइकिल दी जाने लगी। मंत्री ने कहा कि बिहार में कुल 10 लाख 63 हजार स्वयं सहायता समूह बनाया गया है, जिसमें 1 करोड़ 42 लाख परिवार शामिल हैं। मत्स्य पालन के लिए जीविका को तालाब दिया गया। साथ ही बिक्री करने के लिए गाड़ी भी दिया जा रहा है।
वहीं योजना बनाकर जीविका को बिजली मीटर की रीडिंग का काम दिया जाएगा। इसके अलावा बांका जिले में 1 लाख 12 हजार आवास योजना एवं कटोरिया प्रखंड में 12 हजार 4 सौ से अधिक आवास पूर्ण हो चुका है। उन्होंने आवास योजना में धांधली करने पर नौकरी से बर्खास्त करने की चेतावनी अधिकारियों को दी। सांसद ने कहा कि सीएम ने प्रगति यात्रा में कटोरिया में डिग्री कॉलेज की सौगात दी। शिक्षा के क्षेत्र में यह बहुत ही आवश्यक था। वहीं बांका में मेडिकल कॉलेज का सौगात दिया। उन्होंने कहा कि गैरमजरूआ जमीन पर हज़ारों एकड़ जमीन पर बसे लोगों को रिटर्न नहीं मिल रहा है। ऐसे लोगों को सर्वे में परेशानी हो रही है। उन्होंने सभी को आगामी विधानसभा में मजबूती से एनडीए की सरकार बनाने का आह्वान किया।
एमएलसी विजय कुमार सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में चाहे वो शिक्षा का क्षेत्र हो या स्वास्थ्य या सड़क या और भी अन्य क्षेत्र में विकास हुआ है। उन्होंने आगामी विधानसभा में पूर्ण बहुमत से नीतीश कुमार को पुनः मुख्यमंत्री बनाने की अपील की। वहीं विद्यायक ने कहा कि आदिवासी लोग शुरुआत से ही जल, जंगल और जमीन के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनके हक को मारा जा रहा है। वन विभाग द्वारा उनके जमीन को छीना जा रहा है। इसे सरकार को गंभीरता से लेने की मांग की। भाजपा विधायक डॉक्टर निक्की हेंब्रम ने कही बिहार में डबल इंजन की सरकार है। जिधर देखो उधर ही विकास हुआ है, यही मोदी और नीतीश सरकार है। मंत्री ने कई योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया जबकि 14 जोड़े वर बधू का विवाह संपन्न कराया। इस दौरान कार्यक्रम के आयोजक जेडीयू नेता ने मुख्य अतिथियों को अंगवस्त्र एवं बुके देकर स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जेडीयू नेता सोनेलाल किस्कू एवं संचालन भाजपा नेता चंद्रमोहन पांडेय ने किया।