आज की ताजा खबर

    Gaya hardcore criminal arrest : किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे अपराधी, पुलिस ने गांव की घेराबंदी करके दबोचा

    आशीष कुमार 2025-02-19 05:31:43 राज्य

      गया न्यूज : जिला पुलिस ने लूट और डकैती की साजिश रच रहे कुख्यात अपराधी सतीश मंडल उर्फ बाबा को दो अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया। सतीश के सिर पर 50 हजार का इनाम था। पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा, 12 बोर की एक बंदूक, तीन जिंदा कारतूस और 1900 रुपये बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। इस बात की पुष्टि सिटी एसपी रामानन्द कौशल ने की है।

      सिटी एसपी ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सतीश मंडल अपने साथियों के साथ गुरुआ थाना क्षेत्र के भरौंधा गांव में देखा गया है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में भी है।


      सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने भरोन्धा इलाके में घेराबंदी की। पुलिस को देख आरोपी भागने लगे, लेकिन जवानों ने घेर कर तीन अपराधियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सतीश मंडल उर्फ बाबा (निवासी डोभी, गया), बली भुइंया (निवासी शेरघाटी, गया) और संतोष कुमार (निवासी कसमा, औरंगाबाद) के रूप में हुई।

      • डकैती की कर चुके थे प्लानिंग

      सिटी एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे लूटपाट करने के इरादे से वहां जुटे थे। साथ ही, एक फरवरी को गुरुआ थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक के घर डकैती की वारदात में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने इस मामले में गुरुआ थाना कांड संख्या 72/25 के तहत केस दर्ज किया है।

      • सतीश का आपराधिक इतिहास

      सतीश मंडल पर हत्या के प्रयास, लूट और डकैती समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। डोभी, इमामगंज, बोधगया, बाराचट्टी और गुरुआ थानों में उसके खिलाफ कुल 14 संगीन केस दर्ज हैं। वहीं बली भुइंया और संतोष कुमार पर भी कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इनके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।


    ऐसी ही खबर

    Blog Archive