Bihar Politics : 'लालू यादव धृतराष्ट्र की भूमिका में, तेजस्वी का हश्र दुर्योधन जैसा होगा' बीजेपी का बड़ा हमला

पटना न्यूज : राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव द्वारा 2025 में तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने की मंशा जताने पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रवक्ता अरविंद सिंह ने कहा कि लालू यादव भ्रष्टाचार के प्रतीक हैं और बड़बोले नेता के रूप में जाने जाते हैं। वहीं भाजपा प्रवक्ता ने लालू यादव की तुलना धृतराष्ट्र से करते हुए कहा कि वे अपने 'पुत्र दुर्योधन' को सत्ता में बैठाने के लिए व्याकुल हैं, लेकिन उनका हश्र भी दुर्योधन जैसा ही होगा।
वहीं बीजेपी प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्रा ने भी राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू जी मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। जब उनका सपना टूटेगा तब पता चलता है। असलियत यह है कि राजद की विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी हार होगी। राजद को बिहार की जनता इतने जोर का फटका मारेगी कि कभी खड़ा होने लायक नहीं रहेगा। दिल्ली के बाद अब बिहार में भी एनडीए की विजय यात्रा जारी है। इसका झूठा दावा करने वाले लालू यादव बताएं कि अपने शासनकाल में बिहार को बदनामी और बदहाली के अलावा क्या दिया। बिहार के लोग लालटेन युग और जंगल राज में कभी जाना नहीं चाहेंगे। एनडीए के शासन में बिहार विकास के पथ पर आगे निकल चुका है।