Bihar News : कंबल खरीद पर उठा सवाल तो भड़क गईं IAS मैडम, मीटिंग छोड़कर निकलीं, बोलीं-हमारी कुछ गरिमा नहीं है..कुछ भी बोलिएगा...

भागलपुर न्यूज : भागलपुर नगर निगम की बैठक के दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। जहां कंबल खरीद पर उठा सवाल पर IAS मैडम भड़क और मीटिंग छोड़ कर निकल गई। दरअसल भागलपुर नगर निगम में एक स्टैंडिंग कमेटी की बैठक हुई, जिसमें कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होनी थी। यह बैठक तीन घंटे तक चली। लेकिन जैसे ही कंबल वितरण के मुद्दे पर चर्चा शुरू हुई, माहौल गरमाने लगा। पार्षदों और नगर आयुक्त डॉ. प्रीति के बीच जुबानी जंग शुरु हो गई, इसके बाद नगर आयुक्त का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और वे बैठक छोड़कर चली गईं।
मीटिंग छोड़ कर निकलीं नगर आयुक्त
नगर आयुक्त डॉ. प्रीति ने जाते-जाते पार्षदों को चेतावनी दी कि इस सभा का मतलब यह नहीं है कि वे अधिकारियों को बैठाकर कुछ भी सुनाते रहें। उन्होंने कहा कि मैं सुन सहीं हूं इसका मतलब यह नहीं है कि हमारी कुछ गरिमा नहीं है। कंबल खरीद मामले में नगर आयुक्त पर प्रक्रिया के उल्लंघन और पैसे के हेराफेरी का आरोप लग रहा है। मेयर ने नगर आयुक्त पर आरोप लगाया है कि उन्होंने कंबल के लिए पसंदीदा कंपनी को टेंडर देने का कार्य किया है। आरोप पर नगर आयुक्त का गुस्से सातवें आसमान पर पहुंच गया।
कंबल खरीद पर उठा सवाल
वहीं नगर आयुक्त के जाने के बाद डिप्टी मेयर भी नाराज होकर अपने कक्ष में चले गए। बैठक में वार्ड 21 के पार्षद संजय सिन्हा और वार्ड 13 के रंजीत मंडल समेत अन्य पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन द्वारा घटिया गुणवत्ता के कंबलों की आपूर्ति और उनके वितरण पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम के कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं, जिससे जनता को परेशानी हो रही है। कंबल खरीद पर पार्षदों ने नगर आयुक्त पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
एक पार्षद ने कहा कि एक ही एजेंसी से खरीदे गए कंबल की कीमतों में 2023 में 295 रुपए और 2024 में 220 रुपए का निर्धारण किया गया है। कंबल की खरीदारी को लेकर निगम के कर्मचारियों पर भी प्रश्न उठ रहे हैं। 2023 में जिस एजेंसी को कंबल खरीदने का ठेका दिया गया था, उसी को 2024 में फिर से ठेका दिया गया। जनवरी 2023 में कंबल की खरीदारी के समय एजेंसी ने प्रति कंबल 360 रुपए का प्रस्ताव रखा था, लेकिन बाद में यह तय हुआ कि 290 रुपए की दर पर 10,200 कंबल खरीदे जाएंगे। अब उसी एजेंसी ने 2024 में केवल 220 रुपए में कंबल कैसे उपलब्ध कराए।