आज की ताजा खबर

    Saharsa Crime : तीन घंटे के अंदर पुलिस ने गोली मारने वाले सफाईकर्मी के सुपरवाइजर को दबोचा, दोनों के बीच हमेशा होता रहता था विवाद

    रितेश हन्नी 2025-02-10 13:37:44 राज्य

      सहरसा क्राइम : खबर सहरसा से है। जहां सदर अस्पताल में रविवार दोपहर सिक्योरिटी गार्ड सुपरवाइजर संजीव कुमार को गोली मारने वाले आरोपी भानु रजक को पुलिस ने मात्र तीन घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने पत्रकारों को बताया कि आरोपी भानु रजक सदर अस्पताल में सफाईकर्मियों के सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत था। कामकाज को लेकर अक्सर सिक्योरिटी सुपरवाइजर संजीव कुमार से उसकी बहस होती रहती थी। इसी विवाद के चलते गुस्से में आकर भानु रजक ने सिक्योरिटी सुपरवाइजर पर गोली चला दी। घटना रविवार दोपहर करीब 3:00 बजे सदर अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट के समीप हुई। भानु रजक ने संजीव कुमार पर दो गोलियां चलाईं। पहली गोली उनके बांह को छूकर शरीर में चली गई, जबकि दूसरी गोली कनपटी से होते हुए जबड़े में जाकर फंस गई। घटना के तुरंत बाद घायल संजीव कुमार को प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पटना रेफर कर दिया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। 


      घटना के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई और सहरसा एसपी हिमांशु के निर्देश पर एसडीपीओ सदर आलोक कुमार के नेतृत्व में छापेमारी शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, मानवीय सूचना और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गोलीबारी की घटना में इस्तेमाल किया गया देशी पिस्टल भी बरामद कर लिया। सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी भानु रजक पहले से भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ पहले से ही सदर थाने में तीन मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार अपराधकर्मी को न्यायिक हिरासत में भेज आगे की कार्यवाही में जुटी हुई है। पूरे मामले की गहन जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    ऐसी ही खबर

    Blog Archive