Motihari News : कुबेर पाण्डेय हत्याकांड का मास्टरमाइंड यशवंत गिरी गिरफ्तार, भारी मात्रा में मादक पदार्थ और हथियार भी बरामद

मोतिहारी न्यूज : मोतिहारी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कुबेर पाण्डेय हत्याकांड का मास्टरमाइंड यशवंत गिरी को गिरफ्तार किया है। उसके पास भारी मात्रा में मादक पदार्थ और हथियार बरामद हुआ है।
कुख्यात अपराधी यशवंत गिरी को किया गिरफ्तार
मोतिहारी पुलिस ने पहाड़पुर थाना क्षेत्र के गंडक कॉलोनी में छापेमारी कर कुख्यात अपराधी यशवंत गिरी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा, गोलियां, और 472 ग्राम चरस बरामद की गई। यशवंत गिरी, गोविंदगंज थाना क्षेत्र में बीआरपी कुबेर पाण्डेय की हत्या के मामले में वांछित था।
वहीं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने सभी थानाध्यक्षों को फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सख्त निर्देश दिए थे, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई। यशवंत गिरी का आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं। कुबेर पाण्डेय की हत्या की जांच में यह सामने आया था कि उनके सहोदर बड़े भाई, लोकेश पाण्डेय ने जमीन विवाद के चलते एक लाख रुपये की सुपारी देकर उनकी हत्या करवाई थी। इस मामले में पुलिस ने लोकेश पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया है। यशवंत गिरी की गिरफ्तारी से पुलिस को उम्मीद है कि कुबेर पाण्डेय हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा होगा और क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी।