आज की ताजा खबर

    Saharsa News : अपराधी गोली मारकर हो गए फरार, सुपरवाइजर की हालत नाजुक, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस

    रितेश हन्नी 2025-02-09 13:20:38 राज्य

      Firing in Saharsa : सहरसा जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। सरेआम घटना को अंजाम देकर पुलिस को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं। ताजा घटना सदर अस्पताल परिसर की है। जहां बेखौफ अपराधियों ने सुरक्षा गार्ड के सुपरवाइजर को गोली मार दी। घटना को अंजाम देकर अपराधी फरार हो गए। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। 


      जानकारी के मुताबिक सदर अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के सुपरवाइजर संजीव कुमार को अपराधियों ने गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद घायल संजीव कुमार को तुरंत इलाज के लिए भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। गोलीबारी घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच में जुट गई है। अपराधियों की पहचान करने के लिए अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस हमले के पीछे क्या कारण था, लेकिन पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है। सदर अस्पताल परिसर में घटी वारदात से अस्पताल कर्मी और मरीजों के परिजन डरे हुए हैं। सुरक्षा गार्डों ने भी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सहरसा में अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है और पुलिस को जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। घटना के बाबत सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने कहा मामले में पुलिस जांच चल रही है। जांचोपरांत ही गोलीबारी के पीछे की सही वजह सामने आयेगी।

    ऐसी ही खबर

    Blog Archive