Bihar Politics : राम मंदिर के लिए पहली ईंट रखने वाले कामेश्वर चौपाल के निधन पर विजय सिन्हा ने जताया दुख, कहा-उनकी कमी हमेशा खलेगी

पटना न्यूज : श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए पहली ईंट (रामशिला) रखने वाले कामेश्वर चौपाल के निधन पर बिहार के उपमुख्यमंत्री ने दुख जताया है। उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने आज एक बयान जारी कर राम जन्मभूमि ट्रस्ट के ट्रस्टी और बिहार के पूर्व विधान पार्षद कामेश्वर चौपाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
कामेश्वर चौपाल के निधन पर उपमुख्यमंत्री ने जताया दुख
उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की पहली ईंट रखने वाले कामेश्वर चौपाल का हमारे बीच से जाना अत्यंत दुखद है। एक स्वयंसेवक के रूप में उनकी सरलता, सुलभता और सजगता हम सभी के लिए हमेशा प्रेरणादायक रहेगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि चौपाल का जीवन समर्पण, निष्ठा, और धर्म के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक था।
![]()
विजय सिन्हा ने उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि हम सबको उनकी कमी हमेशा खलेगी, लेकिन उनके आदर्श हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके परिवार को इस कठिन समय में साहस और धैर्य प्रदान करें।