आज की ताजा खबर

    Bihar News : लापता भाजपा नेत्री मामले में जांच तेज, गोताखोर की मदद से शव की तलाश जारी, हाईकोर्ट ने पुलिस दिया आदेश

    रितेश हन्नी 2025-02-06 07:00:34 राज्य

      सहरसा न्यूज : खबर सहरसा से है। जहां शहर के पटुआहा निवासी महिला संजना तांती गुमशुदगी मामले में पुलिस की अनुसंधान तेजी से चल रही है। एसपी के निर्देश पर गठित टीम द्वारा महपुरा स्थित कोसी नदी में गोताखोर की मदद से शव की तलाश को लेकर कार्रवाई हुई। पुलिस 12 जनवरी 2018 के बाद से अब तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसी व तिलावे नदी में बरामद शव के बारे में छानबीन कर रही है। 

      • हाईकोर्ट ने सहरसा पुलिस को मौजूद रहने का आदेश जारी किया

      इसी कड़ी में एसपी के निर्देश पर पुलिस द्वारा दुबारा नदियों में गोताखोर की मदद से तलाशी अभियान चलाया। वहीं मामले में गिरफ्तार व्यक्ति के हाइकोर्ट में दायर अर्जी के आलोक में शुक्रवार को सुनवाई होगी। हाइकोर्ट ने सुनवाई के दौरान सहरसा पुलिस को मौजूद रहने का आदेश जारी किया है। भाजपा नेत्री संजना तांती 2018 के 12 जनवरी को यह कहकर घर से निकली थी कि वह अपने नानी घर जा रही है। लेकिन न तो वह नानी घर पहुंची ना ही अपने घर वापस आई। जिसके बाद उसकी खोजबीन शुरू हुई। 

      • अभी तक पुलिस को महिला का शव बरामद नहीं हुआ

      खोजबीन के बाद भी जब कुछ पता नहीं चला तो पति गौरीशंकर ने अपनी पत्नी के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी थी। इस मामले में पहले अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जिसके बाद उनके पति ने दो लोगों पर हत्या कर शव को गायब करने का आरोप लगाया था। मोबाइल सीडीआर के आधार पर तीन लोगों को अप्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया था। हालांकि अभी तक पुलिस को महिला का शव बरामद नहीं हुआ है। लेकिन लोगों में इस बात की भी चर्चा है कि कहीं संजना की हत्या तो नहीं हो गई है। लेकिन पुलिस शव बरामदगी होने तक सभी संभावनाओं पर कार्रवाई कर रही है। 

      जिस समय संजना तांती गायब हुई थी वह उस वक्त भाजपा की सदस्य थी। लेकिन उससे पहले वह 2015 में पप्पू यादव की पार्टी जन अधिकार पाटी के टिकट पर सहरसा से विधानसभा का चुनाव लड़ चुकी थी। पटुआहा से मुखिया का चुनाव भी लड़ चुकी थी। लेकिन दोनों चुनाव में उसे हार का मुंह देखना पड़ा था। महिला के गायब होने के बाद गुमशुदगी मामले में कांग्रेस और भाजपा नेताओं के खिलाफ भी पुलिस द्वारा छानबीन किया गया था। पति सहित कांग्रेस नेता के नार्को टेस्ट के लिए कोर्ट से अनुमति मांगी गई थी।


    ऐसी ही खबर

    Blog Archive