आज की ताजा खबर

    Saharsa News : समझौता कराने आए लोगों पर आरोपी ने घर के छत से गोलियां चलाईं, गोलीबारी के बाद आरोपी फरार, छापेमारी

    रितेश हन्नी 2025-02-03 05:52:10 राज्य

      सहरसा क्राइम : खबर सहरसा से है। जहां मोबाइल चोरी के मसले को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। न्यू कॉलोनी में समझौता कराने गई भीड़ पर आरोपी ने छत से गोलीबारी कर दी। इस घटना में महिषी प्रखंड के पस्तपार पंचायत के पूर्व मुखिया राहुल राज के 28 वर्षीय भाई अमिताभ कुमार उर्फ टिंकू और 12 वर्षीय तन्मय राज उर्फ किटू गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में टिंकू के सीने में और नाबालिग तन्मय के पैर में गोली लगी है। दोनों घायलों को तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज चल रहा है। 


      स्थानीय लोगों के अनुसार, मोहल्ले के कई पुरुष और महिला विवाद सुलझाने के लिए आरोपी के घर गए थे। इसी दौरान आरोपी ने अचानक छत से भीड़ पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ आलोक कुमार और थानाध्यक्ष सुबोध कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायलों से जानकारी लेकर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान शुरू कर दी है। गोलीबारी की सूचना पर पहुंचे सदर एसडीपीओ आलोक कुमार दलबल के साथ निजी अस्पताल पहुंचे और जख्मी पीड़ित से मिलकर घटना की जानकारी ली। सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने कहा कि बच्चों के बीच आपसी विवाद मे गोलीबारी की घटना घटी है। घटना के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।


    ऐसी ही खबर

    Blog Archive