आज की ताजा खबर

    Bihar Politics : सीएम नीतीश की प्रगति यात्रा का नया शेड्यूल जारी, अब 7 फरवरी को आएंगे जमुई

    निरंजन कुमार 2025-02-02 13:22:52 राज्य

      जमुई न्यूज : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा का नया शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इस चरण में मुख्यमंत्री 05 फरवरी से 21 फरवरी तक राज्य के 13 जिलों का दौरा करेंगे, जहां वे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करने के साथ जनता की समस्याओं को सुनेंगे और अधिकारियों को वांछित निर्देश देंगे। 

      • प्रगति यात्रा के कार्यक्रम में बदलाव

      मुख्यमंत्री प्रगति यात्रा के दरम्यान पहले 10 फरवरी को जमुई आने वाले थे। अब इस कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। सीएम नीतीश कुमार नए शेड्यूल के तहत अब 07 फरवरी को जमुई आएंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री प्रगति यात्रा के दौरान शिक्षा , स्वास्थ्य , सड़क , कृषि , जल-जीवन-हरियाली , रोजगार और बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर सकते हैं। साथ ही उनके द्वारा स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर जमीनी हकीकत के आकलन किए जाने की भी संभावना है।

      • पटना में ही इस यात्रा का समापन किया जाएगा

      सीएम प्रगति यात्रा के तहत 05 फरवरी को मुंगेर , 06 फरवरी को लखीसराय और शेखपुरा , 07 फरवरी को जमुई , 10 फरवरी को नवादा ,11 फरवरी को औरंगाबाद ,13 फरवरी को गया , 14 फरवरी को जहानाबाद और अरवल ,15 फरवरी को बक्सर ,16 फरवरी को भोजपुर ,18 फरवरी को कैमूर ,19 फरवरी को रोहतास , 20 फरवरी को नालंदा तथा 21 फरवरी को पटना पहुंचेंगे। पटना में ही इस यात्रा का समापन किया जाएगा।  

      • स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद 

      प्रगति यात्रा का मुख्य उद्वेश्य विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत की समीक्षा करना है। साथ ही जनता की समस्याओं को सुनना और इसका तत्काल समाधान निकालना है। इस दरम्यान सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का आकलन भी किया जाएगा। इस बाबत प्रशासनिक अधिकारियों को वांछित निर्देश दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद भी करेंगे।

      सीएम की यह यात्रा जनता से सीधे जुड़ने और सरकार की नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के इस प्रयास से सरकार को जमीनी स्तर की सच्चाई का पता चलेगा , जिससे योजनाओं में सुधार किया जा सकेगा। उधर प्रगति यात्रा के कार्यक्रम में बदलाव के बाद प्रशासनिक स्तर पर तैयारी और तेज कर दी गई है।


    ऐसी ही खबर

    Blog Archive