Patna News : नौकरी के नाम पर लड़कियों को देह व्यापार के धंधे में धकेला, होटल संचालक गिरफ्तार, मास्टर माइंड महिला फरार

पटना क्राइम : पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात को पुलिस ने देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ कर एक होटल संचालक को गिरफ्तार किया और दो युवतियों को मुक्त कराया। यह छापामारी करबिगहिया जंक्शन के पास स्थित लगभग एक दर्जन होटलों में की गई, जहां से कई कपल और देह व्यापार में संलिप्त युवतियों को पुलिस ने होटल संचालक के चंगुल से मुक्त कराया।
जक्कनपुर थाना प्रभारी ऋतु राज सिंह के अनुसार, पुलिस को कई दिनों से इलाके में देह व्यापार की जानकारी मिल रही थी। इस सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शुक्रवार की रात जक्कनपुर थाना और कंकड़बाग थाना के पुलिस बल के साथ छापामारी की गई। इसके साथ ही महिला मजिस्ट्रेट को भी तैनात किया गया था।
इस छापामारी के दौरान जक्कनपुर थाना क्षेत्र के जय दुर्गा होटल से पांच युवतियों और अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में तीन जोड़ों के बारे में जानकारी मिली, जो घर से प्रेम प्रसंग में भाग कर होटल पहुंचे थे। उनकी जानकारी उनके परिजनों को दी गई। वहीं, दो युवतियों ने पुलिस से बताया कि उन्हें होटल संचालक उदय कुमार सिंह ने नौकरी देने का झांसा दिया था, लेकिन बाद में वे सेक्स रैकेट के धंधे में फंसीं।
बरामद की गई दो युवतियों में एक बिहार की और दूसरी अन्य राज्य की रहने वाली थी। दोनों ने पुलिस को बताया कि होटल संचालक उदय कुमार सिंह ने उन्हें तीन दिन पहले होटल में काम पर रखा था। उसने उन्हें ग्राहकों से मिलवाया और उनके कमीशन का वादा किया था। इसके बदले वह युवतियों को साप्ताहिक भुगतान करने का वादा करता था। युवतियों को अब न्यायिक प्रक्रिया के बाद उनके घर भेजने की कार्रवाई की जाएगी।