Nawada News : 10 वर्षों से चल रहा था फरार, 11 पुलिस कर्मियों की हत्या मामले में था शामिल,

नवादा न्यूज : नवादा पुलिस ने 10 वर्षों से फरार चल रहे नक्सली कमांडर उमेश रविदास को गिरफ्तार कर लिया। इसपर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित था। गिरफ्तार नक्सली कमांडर उमेश रविदास कौआकोल थाना क्षेत्र के लालपुर गांव निवासी पूना रविदास का पुत्र है। 2009 में कौआकोल के महुलिया ताड में थानाध्यक्ष सहित 11 पुलिस कर्मियों की हत्या मामले में भी संलिप्त था।
![]()
एसपी अभिनव धीमान ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि पुख्ता सूचना पर सदर अस्पताल नवादा के पास से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि 30 जनवरी 2015 को कौआकोल थाना क्षेत्र के सोखोदेरा में लगभग 150 से 200 नक्सलियों ने अत्याधुनिक हथियार से लैस होकर दो ट्रैक्टर को जला दिया था। उसके बाद नक्सलियों ने स्थानीय लोगों से बाइक छीन लिया था। नक्सलियों द्वारा बस्तर में सरकार द्वारा चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान का विरोध करते हुए बंद का ऐलान किया था। बंद के तहत कौआकोल बाजार को भी बंद कराया गया था। स्थानीय लोगों के साथ भी मारपीट किया गया था। एसपी ने कहा कि बंद का नेतृत्व करने वालों में अन्य कमांडर के साथ उमेश रविदास भी शामिल था। पुलिस द्वारा घटना की प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया था। प्राथमिकी में नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। उमेश रविदास घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस उसे लगातार तलाश रही थी। 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।