Bihar News : सीएम ने कामाख्या मंदिर में पूजा अर्चना की, 580 करोड़ की विकास योजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास

- विकास कार्यों का निरीक्षण और सौंदर्यीकरण का उद्घाटन
- बच्चों और शिक्षा पर ध्यान, बच्चों की कलाकृतियां देखी
- स्वयं सहायता समूह से महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुधरी
- परिवहन और यातायात व्यवस्था को बेहतर पर जोर
- रंगभूमि मैदान स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया
बिहार CM PRAGATI YATRA : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज अपनी प्रगति यात्रा के तीसरे चरण के तहत पूर्णिया जिले में 580.87 करोड़ रुपये की 62 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। यह कार्यक्रम कृत्यानंद नगर प्रखंड के भवानीपुर गांव स्थित कामाख्या मंदिर परिसर में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत प्लास्टिक कचरे से बनी सड़कों और जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत कामाख्या पोखरा के सौंदर्यीकरण का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह तालाब सुंदर और लोगों के घूमने-फिरने के लिए उपयोगी है।
![]()
नीतीश कुमार ने किलकारी बिहार बाल भवन के बच्चों द्वारा तैयार पेंटिंग, जूट आर्ट और सिक्की आर्ट जैसे सृजनात्मक कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने कन्या मध्य विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र का दौरा किया और बच्चों से बातचीत की।
![]()
मुख्यमंत्री ने महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और कहा कि 2005 में स्वयं सहायता समूह की शुरुआत से महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है।
![]()
मुख्यमंत्री ने जिले में कई सड़क और परिवहन परियोजनाओं का रेखा चित्र के माध्यम से अवलोकन किया। 151. 47 करोड़ की लागत से 9. 176 किमी की भुटहा मोड़ से एसएच 60 बाईपास पथ, 100 करोड़ की लागत से 32 किमी की धमदाहा से पूर्णिया हवाई अड्डे तक सड़क चौड़ीकरण और 63. 35 किमी की राज्य उच्च पथ 99 का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण किया जाएगा।
![]()
मुख्यमंत्री ने रंगभूमि मैदान स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया और बच्चों को खेल सुविधाएं बेहतर बनाने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, खाद्य उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह, पूर्णिया के डीएम कुंदन कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।