Bihar Politics : भाजपा वाले कर्पूरी ठाकुर को गाली देते थे, फुलपरास में खूब गरजे तेजस्वी यादव

- भाजपा वाले कर्पूरी ठाकुर को देते थे गाली
- कर्पूरी ठाकुर की जयंती पटना के बजाय फुलपरास
फुलपरास न्यूज : मधुबनी जिले के फुलपरास में आज, 24 जनवरी 2025 को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर की 101वीं जयंती के अवसर पर एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित राजद के कई प्रमुख नेताओं ने भाग लिया और राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की। वहीं तेजस्वी यादव ने सभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर जमकर हमला किया और कहा कि भाजपा वाले कर्पूरी जी को गाली दिया करते थे।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नेता छोटे लालू ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की शैली में भाषण देकर उपस्थित जनसमूह से खूब तालियां बटोरीं। उनकी इस प्रस्तुति ने समारोह में एक विशेष रंग भर दिया। इससे पहले राजद ने कर्पूरी जयंती समारोह की तैयारी के लिए 'कर्पूरी विचार रथ' को रवाना किया था, जो विभिन्न जिलों में जाकर लोगों को कर्पूरी ठाकुर के विचारों से अवगत करा रहा था।
तेजस्वी यादव ने कहा कि फुलपरास कर्पूरी ठाकुर की कर्मभूमि है। इसलिए हमने यह तय किया कि फैसला किया कि यह कर्पूरी की जी कर्मभूमि रही है इसलिए हमलोग कर्पूरी ठाकुर की जयंती मनाएं। तेजस्वी यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा वाले कर्पूरी ठाकुर को न जाने क्या क्या गाली दिया करते थे, जब उन्होंने पहली बार आरक्षण को लागू किया था। ये लोग दिखावटी और मिलावटी वाले लोग हैं इनको किसी से हमदर्दी नहीं है। अगर इनलोगों को हमदर्दी होता तो सेड्युल लाइन में ये लोग आरक्षण को क्यों नहीं डाले, जब हमलोगों ने आरक्षण को बढ़ाया था। येलोग आरक्षण और संविधान विरोधी लोग हैं। येलोग कर्पूरी ठाकुर के विचारधारा के विपरीत वाले लोग हैं।
![]()
गौरतलब है कि कर्पूरी ठाकुर का राजनीतिक सफर फुलपरास से ही शुरू हुआ था, इसलिए इस वर्ष उनकी जयंती पटना के बजाय फुलपरास में मनाने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में राज्य सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की और जननायक कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।