Gaya News : महिलाएं अपने अधिकारों का कैसे करें सही इस्तेमाल, लड़कियों ने निकाली जागरूकता रैली

गया न्यूज : राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम के तत्वावधान में जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार वन स्टॉप सेंटर और जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वुमेन द्वारा राजकीय मध्य विद्यालय के प्रांगण में कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में वन स्टॉप सेंटर की सेंटर प्रशासक आरती कुमारी द्वारा वन स्टॉप सेंटर में दी जाने वाली सहायता की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर उन्होंने घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, कन्या भ्रूण हत्या,बाल विवाह आदि के रोकथाम के लिए जागरूक किया गया। बालिकाओं और महिलाओं के अधिकार और सुरक्षा के लिए बनाए गये कानून और योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। महिला हेल्पलाइन टॉल फ्री नंबर 181 की जानकारी दी गई।
![]()
जिला महिला सशक्तिकरण केंद्र (DHEW ) के जेंडर विशेषज्ञ द्वारा सरकार के महत्वपूर्ण योजनाएं जैसे प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, बालिका प्रोत्साहन योजना एवं बालिकाओं से संबंधित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। DHEW के जिला मिशन समन्वयक के द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण पर विस्तृत चर्चा किया गया तथा बच्चियों से उनके भविष्य तथा पढ़ाई को लेकर बहुत सारे प्रश्नों का उत्तर दिया गया। कार्यशाला के उपरांत विद्यालय की मेधावी छात्राओं को पुरस्कार वितरण के माध्यम से प्रोत्साहित किया गया तथा उनके मनोबल को बढ़ाया गया।
![]()
जिसमें प्रथम पुरस्कार शिक्षा के क्षेत्र उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मीरा कुमारी, द्वितीय पुरस्कार शिक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए चांदनी कुमारी, तृतीय पुरस्कार खेल के क्षेत्र में सानिया कुमारी, चतुर्थ पुरस्कार बेहतर नेतृत्व प्रदर्शन के लिए पुनम कुमारी, पंचम पुरस्कार दिव्यांग (दृष्टि बाधित) प्रियांशी कुमारी को संगीत के क्षेत्र में दिया गया।
कार्यशाला के उपरांत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय,रहीम बिगहा से जागरुकता रैली रवाना किया गया। जागरुकता रैली में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, कन्या भ्रूण हत्या बंद करो,बाल विवाह बंद करो, जेंडर आधारित हिंसा बंद करो आदि नारों के साथ रैली रवाना किया गया।
![]()
मौके पर वन स्टॉप सेंटर की सेंटर प्रशासक आरती कुमारी, परामर्शी अर्चना सिन्हा, परामर्शी शगुफ्ता प्रवीण, DHEW के जिला मिशन समन्वयक सुशांत आनन्द, जेंडर विशेषज्ञ विशाल कुमार वर्मा, मध्य विद्यालय,रहिम बिगहा की वरीय शिक्षिका पुनम कुमार, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की वार्डन प्रभा कुमारी एवं ममता कुमारी तथा लेखापाल स्वीटी कुमारी एवं अन्य उपस्थित थे।संपुर्ण कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रोग्राम पदाधिकारी के मार्गदर्शन में किया गया।