Bihar News : सामाजिक न्याय का मसीहा थे कर्पूरी ठाकुर, समस्तीपुर में उपराष्ट्रपति ने पूर्व सीएम को किया याद

- उपराष्ट्रपति ने कर्पूरी ठाकुर को किया याद
बिहार न्यूज : उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को सामाजिक न्याय का मसीहा बताया है। भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की 101वीं जन्म जयंती के अवसर पर समस्तीपुर के कर्पूरी ग्राम में एक समारोह को संबोधित करते हुए धनखड़ ने कहा कि वे सामाजिक न्याय के प्रतीक हैं और उनकी विरासत हमें एक समतामूलक समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करती है।
कर्पूरी ठाकुर जी के योगदान को याद करते हुए उपराष्ट्रपति ने उनके सिद्धांतों और सामाजिक न्याय की दिशा में उनके कार्यों को देश के लिए अमूल्य बताया। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर के विचार और उनके कार्य आज भी लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। वे सामाजिक न्याय के प्रतीक हैं और उनकी विरासत हमें एक समतामूलक समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करती है।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने समता युग की शुरुआत कर सदियों की जड़ता को तोड़ा और बड़ी आबादी के लिए अपार संभावनाओं के द्वार खोले। उपराष्ट्रपति ने उनकी दूरदर्शिता और समाज सुधार के प्रति योगदान की सराहना की। उपराष्ट्रपति ने कहा कि कर्पूरी जी 'स्टेट्समैन' थे। उन्होंने विरोध की परवाह किये बिना ऐतिहासिक और दूरदर्शी फैसले लिए। उपराष्ट्रपति ने उनके सिद्धांतों और नैतिकता को रेखांकित करते हुए कहा कि कर्पूरी जी ने परिवारवाद को कभी बढ़ावा नहीं दिया।